Edited By Desh Raj, Updated: 19 Feb, 2026 01:48 PM

मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पर नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ की उपाध्यक्ष सुषमा-संजय नायक ने अपने पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने वार्ड क्रमांक 20 में लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था को इसका प्रमुख कारण बताया है।
टीकमगढ़ (आमिर खान): मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पर नगर पालिका परिषद टीकमगढ़ की उपाध्यक्ष सुषमा-संजय नायक ने अपने पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने वार्ड क्रमांक 20 में लगातार बिगड़ती सफाई व्यवस्था को इसका प्रमुख कारण बताया है। इस संबंध में उन्होंने अपना लिखित इस्तीफा नगर पालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा जिला कलेक्टर को प्रेषित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, नायक पिछले कुछ समय से वार्ड 20 में साफ-सफाई, कचरा उठाव और नालियों की नियमित सफाई को लेकर असंतोष जता रही थीं। उनका कहना है कि वार्ड में गंदगी की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे रहवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
इस्तीफे में उन्होंने उल्लेख किया है कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनकी जिम्मेदारी है कि वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यदि सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्था ही सुचारु नहीं हो पा रही है तो पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वार्ड के नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह निर्णय लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, वार्ड 20 में पिछले कुछ सप्ताह से कचरे के ढेर और नालियों की सफाई न होने की शिकायतें मिल रही थीं। बरसाती मौसम में जलभराव की आशंका भी बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने भी कई बार नगर पालिका से शिकायत की थी। नायक के इस निर्णय के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या उनके इस्तीफे को स्वीकार किया जाता है या समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल की जाती है। फिलहाल नगर पालिका परिषद की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वार्डवासियों और राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई