RSS कार्यकर्ताओं और BJP MLA समर्थकों में जबरदस्त मारपीट,सड़क से थाने तक कोहराम, संघ कार्यकर्ताओं का थाने पर हल्ला बोल

Edited By Desh Raj, Updated: 07 Jun, 2026 04:31 PM

violent clash between rss worker and bjp mla s supporter in mp

इंदौर में कुत्तों को खाना खिलाने पर बवाल हो गया। RSS कार्यकर्ता और भाजपा विधायक समर्थक में मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद अन्नपूर्णा थाने में पहुंच चुका है। दरअसल इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 के उषा नगर में एक बेहद अजीबोगरीब विवाद सामने...

इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर में कुत्तों को खाना खिलाने पर बवाल हो गया। RSS कार्यकर्ता और भाजपा विधायक समर्थक में मारपीट का मामला सामने आया है। विवाद अन्नपूर्णा थाने में पहुंच चुका है। दरअसल इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 के उषा नगर में एक बेहद अजीबोगरीब विवाद सामने आया है। यहाँ सड़क पर आवारा कुत्तों को खाना खिलाने की बात पर दो पक्ष इस कदर भिड़े कि मामला मारपीट और तोड़फोड़ तक जा पहुंचा। हैरान करने वाली बात यह है कि इस विवाद ने अब पूरी तरह से राजनीतिक मोड़ ले लिया है, क्योंकि इसमें एक तरफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता हैं, तो दूसरी तरफ स्थानीय भाजपा विधायक मालिनी गौड़ के समर्थक। देर रात अन्नपूर्णा थाने पर भारी संख्या में स्वयंसेवकों ने घेराव कर हंगामा किया।

​RSS कार्यकर्ता और विधायक मालिनी गौड़ के कट्टर समर्थक वीरेंद्र शेंडगे के बीच घमासान

बीती रात राजनीतिक सरगर्मी और तनाव अपने चरम पर पहुंच गया। पूरा घटनाक्रम विधानसभा-4 के अंतर्गत आने वाले उषा नगर क्षेत्र का है। स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा बड़ी मात्रा में आवारा कुत्तों के लिए भोजन सड़क और दुकानों के ठीक सामने डाला जा रहा था। व्यापारियों का आरोप है कि भोजन बिखरा रहने के कारण सुबह-सुबह पूरे इलाके में भारी गंदगी और बदबू की स्थिति बन जाती थी, जिससे उनका व्यापार और आम लोगों का निकलना दूभर हो रहा था।

इस बात की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद, क्षेत्र के भाजपा नेता और विधायक मालिनी गौड़ के कट्टर समर्थक बताए जा रहे वीरेंद्र शेंडगे ने संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया। लेकिन यह सामान्य सी समझाइश देखते ही देखते गाली-गलौज और तीखी बहस में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ  से जुड़े कार्यकर्ताओं और विधायक समर्थक पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान तोड़फोड़ किए जाने के भी आरोप लगाए गए हैं।

​मामले को लेकर दोनों पक्षों के लोग और विभिन्न संगठनों के राजनीतिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में लामबंद होकर अन्नपूर्णा थाने पहुंच गए। थाने के बाहर स्वयंसेवकों और समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई और देर रात तक थाने के घेराव और हंगामे की स्थिति बनी रही। मामले को राजनीतिक तूल पकड़ता देख पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।

​फिलहाल, अन्नपूर्णा थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की तरफ से शिकायतें मिली हैं। मौके के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मारपीट और तोड़फोड़ के आरोपों की वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!