भाजपा नेत्री का सिंधिया पर तीखा हमला,बोली- सत्ता के लालच में लक्ष्मीबाई-कांग्रेस से गद्दारी की, BJP में भी वहीं होगा, KP यादव का भी जिक्र किया

Edited By meena, Updated: 20 Sep, 2026 07:48 PM

former mla mamta meena launches a scathing attack on scindia

फर्जी जाति प्रमाण पत्र इस्तेमाल करने के आरोप में पूर्व आईपीएस अधिकारी रघुवीर सिंह मीणा पर एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रशासनिक महकमे के साथ साथ सियासत में भी हड़कंप मच गया है...

गुना (गौरव शर्मा) : फर्जी जाति प्रमाण पत्र इस्तेमाल करने के आरोप में पूर्व आईपीएस अधिकारी रघुवीर सिंह मीणा पर एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रशासनिक महकमे के साथ साथ सियासत में भी हड़कंप मच गया है। उनकी पत्नी व पूर्व भाजपा नेत्री ममता मीणा ने सीधे तौर पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप लगाते हुए उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि उनके परिवार को किसी भी तरह की कार्रवाई से डराया नहीं जा सकता। उन्होंने यहां तक कहा कि चाहे दो-चार और केस दर्ज करा दिए जाएं, वे डरने वाली नहीं हैं।

वीडियो...

ममता मीणा ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा- गुनावासियों आपको समाचार पत्रों के माध्यम से पता चला होगा। उन्होंने कहा कि सिंधिया ने मेरे पति के खिलाफ एफआईआर करवाई है। जब से मेरे पति नौकरी पर लगे हैं तब से हम परेशानी झेल रहे हैं। अभी जो सिंधिया ने करवाया उसके खिलाफ कोर्ट जाएंगे। इसी दौरान उन्होंने सिंधिया द्वारा मतदाता को धमकाने वाले मामले का जिक्र करते हुए कहा कि वह इसे पूरे गुना मध्य प्रदेश सहित देश ने देखा है।

उन्होंने आगे कहा कि सिंधिया महज तीन दिन के दौरे पर प्रदेश में आते हैं और रौब झाड़ते हैं। आप अधिकारियों पर रौब झाड़ सकते हैं, लेकिन ममता मीणा पर नहीं। जब चुनाव आते हैं तो आपकी पत्नी गांव गांव जाकर हाथ जोड़कर वोट मांगती है। ये नाटक नौटंकी नहीं तो क्या है। वोट के समय शो करते हैं कि हम राजा महराजा होकर गरीब के घर में खाना खा रहे हैं। हम पानी भर रहे हैं। तब नाटक नौटंकी करते हैं।

उन्होंने कहा कि आप खुद को गरीबों के भगवान कहते हैं, अगर आप किसानों के भगवान है तो जाकर उनको खाद दिलवाइए। जो लंबी लंबी लाइनों में टोकन के लिए खड़े रहे हैं। आप प्रशासनिक अधिकारियों को धमकाते हैं। अधिकारियों को डर के मारे भले ही बुरा हीं लगा क्योंकि अगर उनको बुरा लगा होता तो इस मामले में इतनी जल्दी कार्रवाई नहीं होती।

ये भी पढ़े: पूर्व IPS पर फर्जी जाति सर्टीफिकेट इस्तेमाल करने के आरोप में FIR! पत्नी है भाजपा की वरिष्ठ नेत्री

मीणा ने सिंधिया घराने के पुराने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि अंग्रेजों के साथ मिलकर रानी लक्ष्मीबाई के साथ क्या किया, सब जानते हैं। कांग्रेस के साथ मिलकर इनके पिताजी सांसद बने। मंत्री बने। उसके बाद खुद सिंधिया सांसद बने, मंत्री बने लेकिन इनको सत्ता चाहिए। केपी यादव ने इनको रास्ता दिखा दिया और इसके बाद इन्होंने कुछ विधायकों को साथ लेकर कांग्रेस की सरकार गिरा दी। कांग्रेस के साथ गद्दारी की, अंग्रेजों के साथ मिलकर रानी लक्ष्मीबाई से गद्दारी की। क्योंकि इनको सत्ता चाहिए। ये देश की जनता और प्रदेश की जनता के लिए नहीं लड़ेंगे। ये सत्ता के लिए लड़ेंगे। आने वाले समय में भाजपा के दो टुकड़े करवाने मे देर नहीं लगेगी इनको सत्ता चाहिए और कुछ नहीं। 2029 दूर नहीं है। 

बता दें कि ममता मीना और ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच राजनीतिक मतभेद पहले भी सार्वजनिक रूप से सामने आते रहे हैं। मौजूदा विवाद में ममता मीना ने सिंधिया पर अधिकारियों और जनता पर राजनीतिक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने आने वाले समय में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में अपनी बात जनता के बीच रखने की बात कही है।

PunjabKesari

क्या है पूरा मामला

दरअसल, पूर्व विधायक ममता मीणा के पति और पूर्व आईपीएस अधिकारी रघुवीर सिंह मीणा पर फर्जी जाति प्रमाण पत्र इस्तेमाल करने का आरोप है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हुई जांच के बाद उनके खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, गलत दस्तावेज के इस्तेमाल और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कौन है ममता मीणा

ममता मीणा बीजेपी से विधायक रह चुकी हैं। ममता मीणा साल 2013 से 2018 तक गुना जिले की चाचौड़ा विधानसभा सीट से विधायक रही हैं। वर्तमान में वह गुना जिला पंचायत की सदस्य हैं। फिलहाल जाति प्रमाण पत्र से जुड़े आरोपों को लेकर पूर्व आईपीएस रघुवीर सिंह मीणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!