Edited By Himansh sharma, Updated: 30 May, 2026 08:21 PM

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है
ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक चौंकाने वाला पारिवारिक विवाद सामने आया है, जिसमें एक पति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय में सुरक्षा की मांग की है। मामला शहर के सिकंदर कंपू इलाके का बताया जा रहा है। पीड़ित पति राजकुमार कुशवाह ने एसपी की जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी पूनम कुशवाह, शादी के 18 साल बाद अपने चार बच्चों को साथ लेकर घर छोड़कर चली गई है। पति का आरोप है कि पत्नी का एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह उसे अपने साथ रखने की जिद पर अड़ी है।
बॉयफ्रेंड भी इसी घर में रहेगा - पति का आरोप
शिकायत में राजकुमार ने दावा किया कि पत्नी की मांग है कि वह अपने प्रेमी के साथ एक ही घर में रहेगी। विरोध करने पर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में उसका सिर फट गया। पति का यह भी आरोप है कि पत्नी ने उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी है।
पहले भी छोड़ चुकी है घर
जानकारी के अनुसार, पूनम इससे पहले जनवरी 2026 में भी घर छोड़कर जा चुकी थी और मार्च में वापस लौटी थी। लेकिन 5 मई 2026 को वह दोबारा अपने चार बच्चों के साथ घर से चली गई और अब तक वापस नहीं लौटी है।
गहने और नकदी ले जाने का आरोप
पति का यह भी कहना है कि पत्नी घर से गहने और नकदी लेकर गई है और वर्तमान में किसी अन्य युवक के साथ रह रही है। इस पूरे मामले में लगातार तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई है।
पुलिस से सुरक्षा की मांग
राजकुमार कुशवाह ने एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।