Edited By meena, Updated: 10 Apr, 2026 06:26 PM

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में वन रक्षक की कुचलकर हत्या के मामले में लोगों में खासी नाराजगी देखने को मिल रही है। आरक्षक की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है...
मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में वन रक्षक की कुचलकर हत्या के मामले में लोगों में खासी नाराजगी देखने को मिल रही है। आरक्षक की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। जैसे ही आरक्षक हरकेश गुर्जर की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव जनकपुर पहुंचा, तो लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। आरक्षक को अंतिम श्रद्धांजलि देने लोगों की भीड़ जम हो गई। इस दौरान ग्रामीणों का गुस्सा भी देखने को मिला। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
बेटे की मौत पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर कई सवाल खड़े किए। उन्होंने अनुकंपा नियुक्ति की मांग की है और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की भी मांग की है। इसके साथ ही ट्रैक्टर ट्राली के मालिक पर भी कार्रवाई की मांग की है।

परिजनों का आरोप है कि मामले में बड़ा गड़बड़ घोटाला हुआ है। हादसे के वक्त ट्रैक्टर ट्राली में चंबल की रेत भरी हुई थी, लेकिन बाद में चंबल का रेत हटाकर उसमें सिंध की रेत भर दी गई। हालांकि कलेक्टर ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया और परिजनों को ढांढस बंधाया।

वहीं अंतिम संस्कार के समय माहौल बेहद गमगीन हो गया। आरक्षक के पिता फफक कर रो पड़े। यह देखकर कलेक्टर ने उन्हें गले लगाकर ढांढस बंधाया। अंतिम संस्कार में मुरैना एसपी समीर सौरभ, कलेक्टर लोकेश जांगिड़ और फॉरेस्ट विभाग के अधिकारी शामिल हुए। इस मामले में फॉरेस्ट विभाग के वन मंडल अधिकारी हरिश्चंद्र ने कहा कि वह मृतक की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति दिलाएंगे और मृतक आरक्षक को शहीद का दर्जा दिलाने के लिए भी कोशिश करेंगे।