प्रदेश के 38 हजार कोटवार ग्वालियर में भरेंगें हुंकार, सिंधिया निवास पर पहुंचकर कराएंगे ताकत का अहसास, राजनीतिक हलचल तेज

Edited By Desh Raj, Updated: 03 May, 2026 05:27 PM

38 000 kotwars from across the state to rally in gwalior

मध्यप्रदेश के करीब 38 हजार कोटवार अपनी लंबित मांगों को लेकर अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। प्रदेश अध्यक्ष हरवीर सिंह यादव गुना के नेतृत्व में आगामी 15 मई को प्रदेश भर के कोटवार ग्वालियर में जुटेंगे।

गुना(मिसबाह नूर): मध्यप्रदेश के करीब 38 हजार कोटवार अपनी लंबित मांगों को लेकर अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। प्रदेश अध्यक्ष हरवीर सिंह यादव गुना के नेतृत्व में आगामी 15 मई को प्रदेश भर के कोटवार ग्वालियर में जुटेंगे। यहां फूलबाग मैदान से केंद्रीय मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के निवास 'जय विलास पैलेस' तक एक विशाल श्रीमंत महाराज सिंधिया जी दर्शन यात्रा निकाली जाएगी।

सिंधिया ने स्वयं को 'ग्वालियर-चंबल संभाग का कोटवार' बताया था

इस आंदोलन का स्वरूप काफी दिलचस्प है। दरअसल, हाल ही में एक सार्वजनिक मंच से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्वयं को 'ग्वालियर-चंबल संभाग का कोटवार' बताया था। इसी बयान को आधार बनाकर अब प्रदेश के कोटवार ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास अपनी फरियाद लेकर जा रहे हैं। कोटवारों का मानना है कि जब सिंधिया खुद को कोटवार कहते हैं, तो वे उनकी पीड़ा और समस्याओं को बेहतर ढंग से समझेंगे और उनका निराकरण करवाएंगे।

मुख्य रूप से 8 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन

आंदोलन की तैयारी कर रहे संगठन ने स्पष्ट किया है कि कोटवार लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हैं। उनकी मुख्य रूप से 8 सूत्रीय मांगें हैं, जिनमें प्रमुख रूप से कोटवारों को शासकीय कर्मचारी घोषित कर नियमित करने, शैक्षणिक योग्यता के आधार पर कोटवारों को पदोन्नति का लाभ दिलाने, सेवा काल के दौरान मिली 'सेवा भूमि' का मालिकाना हक कोटवारों को प्रदान करना शामिल है।  प्रदेश अध्यक्ष हरवीर सिंह यादव ने बताया कि 15 मई को होने वाला यह शक्ति प्रदर्शन शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावी होगा।

प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कोटवार ग्वालियर पहुँचेंगे। यदि इस यात्रा और गुहार के बाद भी सरकार या प्रशासन की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। फिलहाल, ग्वालियर में होने वाली इस दर्शन यात्रा को लेकर प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!