Edited By Himansh sharma, Updated: 30 May, 2026 02:39 PM

रिसाली नगर निगम की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है।
दुर्ग। रिसाली नगर निगम की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। निगम कार्यालय में तोड़फोड़ और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के गंभीर आरोपों के चलते कांग्रेसी पार्षद विनय नेताम को उनके पद से हटा दिया गया है। संभागायुक्त एसएन राठौर ने विस्तृत सुनवाई के बाद पार्षद को बर्खास्त करने का आदेश जारी किया।
मामला नवंबर 2025 का है, जब विनय नेताम पर निगम कार्यालय स्थित आधार कार्ड केंद्र में घुसकर हंगामा और तोड़फोड़ करने का आरोप लगा था। इस घटना में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। इतना ही नहीं, निगम अधिकारियों को बंधक बनाकर कामकाज प्रभावित करने के आरोप भी सामने आए थे।
घटना के बाद रिसाली निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने पूरे मामले की रिपोर्ट संभागायुक्त कार्यालय को भेजी थी। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपों को सही पाया गया। इसके आधार पर संभागायुक्त ने कार्रवाई करते हुए विनय नेताम की पार्षद सदस्यता समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया।
यह फैसला स्थानीय निकायों में अनुशासन और जवाबदेही को लेकर एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि सरकारी कार्यालयों में अव्यवस्था और दबाव की राजनीति को लेकर अब सख्त रुख अपनाया जा रहा है। रिसाली नगर निगम में इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस फैसले को लेकर कांग्रेस की प्रतिक्रिया और आगे की रणनीति पर भी सबकी नजरें टिकी रहेंगी।