BJP विधायक के 'लापता' पोस्टर लगते ही मचा राजनीतिक घमासान,कांग्रेस-भाजपा में छिड़ी सियासी जंग

Edited By Himansh sharma, Updated: 04 Jun, 2026 06:50 PM

missing mla posters trigger political storm in nepanagar

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले की नेपानगर विधानसभा में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई

बुरहानपुर (राजूसिंह राठौड़): मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले की नेपानगर विधानसभा में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब निंबोला गांव में स्थानीय विधायक मंजू राजेंद्र दादू के कथित “लापता” होने के पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया। अज्ञात लोगों द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है और कांग्रेस-भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

जानकारी के अनुसार, नेपानगर विधानसभा क्षेत्र के निंबोला गांव के पास मगरूल रोड पर कुछ स्थानों पर विधायक मंजू राजेंद्र दादू की तस्वीर और नाम के साथ “लापता विधायक” लिखे पोस्टर लगाए गए थे। पोस्टर सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। सूचना मिलते ही विधायक समर्थक मौके पर पहुंचे और पोस्टरों को हटा दिया गया, लेकिन तब तक मामला राजनीतिक रंग ले चुका था।

पोस्टर प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेश महासचिव अजय सिंह रघुवंशी ने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि जनता से दूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि संकट के समय जनता के बीच जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति से लोगों में नाराजगी है और यही नाराजगी अब पोस्टरों के रूप में सामने आ रही है।

PunjabKesariपूर्व कृषि मंत्री और कांग्रेस नेता सचिन यादव ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी अपने क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के जनप्रतिनिधि जनता से लगातार दूर होते जा रहे हैं।

वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज माने ने कहा कि नेपानगर विधायक मंजू दादू और बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस जिले की सबसे सक्रिय जनप्रतिनिधियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन होकर इस तरह के विवाद खड़े करने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पोस्टर लगाने वालों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने नेपानगर की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि यह मामला आने वाले दिनों में कितना राजनीतिक असर छोड़ता है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!