Edited By Himansh sharma, Updated: 22 Apr, 2026 04:11 PM

मध्य प्रदेश के लाखों किसानों के लिए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 14वीं और 15वीं किस्त का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है।
भोपाल: मध्य प्रदेश के लाखों किसानों के लिए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की 14वीं और 15वीं किस्त का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। राज्य के करीब 80 लाख किसान अब भी इस बात की उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही उनके खातों में 2000-2000 रुपये की अगली किस्त ट्रांसफर होगी, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।पिछली बार इस योजना की किस्त अगस्त 2025 में जारी की गई थी, जिसके बाद से किसानों को किसी नई किस्त का लाभ नहीं मिला है। वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्तें समय-समय पर जारी होती रही हैं, जिससे किसानों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं कि मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का पैसा भी जल्द आएगा।
कब आएगी 14वीं किस्त?
सूत्रों के अनुसार फिलहाल इस योजना की किस्त को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। माना जा रहा है कि मई के पहले सप्ताह के बाद ही कोई बड़ा अपडेट सामने आ सकता है। हालांकि अभी तक कृषि विभाग की ओर से कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, जिससे किसानों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।
क्या एक साथ मिल सकते हैं 4000 रुपये?
देरी को देखते हुए अब यह भी चर्चा तेज हो गई है कि सरकार 14वीं और 15वीं किस्त को एक साथ जारी कर सकती है। ऐसे में किसानों के खाते में एक बार में 4000 रुपये आने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इस पर भी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
किन किसानों को मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलता है जो पहले से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी हैं। अगर किसी किसान को पीएम किसान का लाभ मिल रहा है तो उसे मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का भी पैसा मिलता है। हालांकि ई-केवाईसी या फार्मर आईडी अपडेट न होने पर किस्त अटक सकती है।
स्टेटस कैसे चेक करें?
किसान अपने भुगतान की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं:
सारा पोर्टल पर जाएं,मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना हितग्राही स्थिति” पर क्लिक करें,आधार नंबर / बैंक खाता / पीएम किसान आईडी दर्ज करें ,कैप्चा भरकर सर्च करें,मोबाइल OTP डालते ही स्टेटस सामने आ जाएगा।
फिलहाल किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की अगली किस्त के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्थिति साफ होगी कि पैसा कब जारी होगा और कितनी किस्त एक साथ मिलेगी।