Edited By Himansh sharma, Updated: 31 Aug, 2026 06:32 PM

मध्य प्रदेश में पुलिस प्रशासन के स्तर पर एक बड़ा फेरबदल जल्द देखने को मिल सकता है।
भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस प्रशासन के स्तर पर एक बड़ा फेरबदल जल्द देखने को मिल सकता है। सरकार दो रेंज में नए IG की पदस्थापना के साथ कुछ जिलों के पुलिस अधीक्षकों को भी बदलने की तैयारी में है। इसके अलावा DSP और SDOP स्तर पर भी व्यापक बदलाव प्रस्तावित हैं। करीब 132 IPS और राज्य पुलिस सेवा (SPS) अधिकारियों की पदस्थापना से जुड़ी सूची पर सरकार की मंजूरी का इंतजार है।
रिटायरमेंट के बाद साईं मनोहर को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
ADG इंटेलिजेंस साईं मनोहर सोमवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके स्थान पर सरकार पहले ही अंशुमान यादव को ADG इंटेलिजेंस की जिम्मेदारी सौंप चुकी है। अब प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि रिटायरमेंट के बाद साईं मनोहर को मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें मुख्यमंत्री के सुरक्षा सलाहकार के रूप में संविदा नियुक्ति दिए जाने की संभावना है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय और आधिकारिक आदेश सरकार की ओर से जारी होना बाकी है।
ग्वालियर और सागर रेंज में नए IG की तैयारी
पुलिस विभाग के प्रस्तावित फेरबदल में दो रेंज के IG पद भी प्रमुख हैं। ग्वालियर रेंज के IG अरविंद सक्सेना 31 जुलाई को रिटायर हो चुके हैं। उनके बाद DIG असित यादव के पास फिलहाल IG का अतिरिक्त प्रभार है। अब सरकार इस पद पर नियमित नियुक्ति की तैयारी में है।
इसी तरह सागर रेंज के IG मिथलेश शुक्ला भी सोमवार को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद सागर रेंज में भी नए IG की नियुक्ति जरूरी होगी। माना जा रहा है कि दोनों रेंज के लिए नए अधिकारियों के नाम जल्द तय किए जा सकते हैं।
132 अधिकारियों की पोस्टिंग पर चल रही कवायद
DSP और SDOP के पदों पर पदस्थापना के लिए गृह विभाग ने 132 IPS और SPS अधिकारियों के नामों वाली सूची तैयार की है। बताया जा रहा है कि प्रस्ताव मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंच चुका है, लेकिन अंतिम मंजूरी से पहले इसमें कई स्तर पर बदलाव किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक फाइल को अब तक करीब पांच बार संशोधन के लिए वापस भेजा जा चुका है। सूची में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों के अलावा 2024-25 बैच के IPS अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। इन अधिकारियों को जिलों में DSP और SDOP की जिम्मेदारी दी जानी है।
शिकायतों के बाद कुछ SP पर भी गिर सकती है तबादले की गाज
आगामी पुलिस फेरबदल केवल IG और DSP-SDOP स्तर तक सीमित रहने की संभावना नहीं है। कुछ जिलों के SP भी इस बदलाव की जद में आ सकते हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, कुछ जिलों में ऐसे पुलिस अधिकारियों को SP की जिम्मेदारी दी गई थी, जिन्हें बाद में IPS कैडर मिला। इन अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सरकार और मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायतें पहुंचने की बात सामने आ रही है। ऐसे में आगामी तबादला सूची में कुछ जिलों के SP को हटाकर नए अधिकारियों को कमान दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
जल्द सामने आ सकती है बड़ी तबादला सूची
फिलहाल पुलिस विभाग और गृह विभाग में प्रस्तावित फेरबदल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। अगर मुख्यमंत्री कार्यालय से मंजूरी मिलती है तो आने वाले दिनों में IG, SP, DSP और SDOP स्तर पर एक साथ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि अधिकारियों के नामों को लेकर अंतिम स्थिति आदेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।