Edited By Himansh sharma, Updated: 20 Apr, 2026 11:42 AM

मध्य प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। सरकार जल्द ही भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 25 अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी कर सकती है।
भोपाल। मध्य प्रदेश में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी तेज हो गई है। सरकार जल्द ही भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 25 अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट जारी कर सकती है। इस सूची में 19 से 20 जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) के तबादले होने की संभावना जताई जा रही है। खास बात यह है कि कई जिलों के एसपी को लेकर संगठन स्तर पर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद बदलाव का फैसला लगभग तय माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार 8 जिलों के एसपी का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं माना गया, जबकि 6 जिलों के पुलिस अधीक्षकों के खिलाफ संगठन की ओर से गंभीर शिकायतें सामने आई हैं। वहीं 5 जिलों में पदस्थ आईपीएस अधिकारियों का प्रमोशन हो चुका है, इसलिए वहां भी नए एसपी की नियुक्ति होना तय है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक शाजापुर, शिवपुरी, डिंडौरी, मंडला, छतरपुर, बुरहानपुर, निवाड़ी और नीमच के एसपी को बदलने का फैसला लगभग तय माना जा रहा है। इसके अलावा दमोह, सिवनी, आगर मालवा, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर जैसे जिलों में भी नए एसपी की तलाश जारी है, हालांकि इन जिलों के लिए नाम अभी फाइनल नहीं हुए हैं।
प्रमोशन के चलते जिन जिलों में बदलाव तय माना जा रहा है, उनमें खंडवा के एसपी मनोज राय, एसपी रेल भोपाल राहुल लोढ़ा, एसपी रेल जबलपुर सिमाला प्रसाद, भिंड एसपी असित यादव, धार एसपी मयंक अवस्थी, रीवा एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान, डीसीपी भोपाल विवेक सिंह, डीसीपी इंदौर कुमार प्रतीक और झाबुआ एसपी डॉ. शिवदयाल शामिल हैं।
राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि इस बार तबादलों में सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि संगठन की रिपोर्ट और स्थानीय स्तर पर फीडबैक को भी गंभीरता से लिया गया है। ऐसे में कई जिलों में नए चेहरे देखने को मिल सकते हैं। अब सभी की नजरें सरकार की आधिकारिक ट्रांसफर लिस्ट पर टिकी हैं।