Edited By Himansh sharma, Updated: 18 Apr, 2026 05:11 PM

मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित पंडोखर धाम में शुक्रवार देर रात आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया।
दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले में स्थित पंडोखर धाम में शुक्रवार देर रात आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया। यहां भोजपुरी कलाकार आम्रपाली के डांस शो के दौरान हजारों की भीड़ जमा हो गई, जो देखते ही देखते बेकाबू हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं के भी घायल होने की बात सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।
बताया जा रहा है कि हालात बिगड़ने की सूचना मिलते ही दतिया से अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया, जिसके बाद स्थिति को किसी तरह काबू में किया गया। वहीं, कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पंडोखर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह पर बिना जरूरत के लाठीचार्ज करने के आरोप लगाए हैं। इसी को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिला और थाना प्रभारी को हटाने की मांग भी उठी है। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की बात कही जा रही है।