Edited By Vandana Khosla, Updated: 19 May, 2026 05:19 PM

MP Desk: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम साय व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भाजपा के दिग्गज नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने...
रायपुरः मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम साय व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने भाजपा के दिग्गज नेता एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर भावुक पोस्ट किया है। सीएम मोहन ने लिखा- "भाजपा के वरिष्ठ नेता, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।बाबा केदारनाथ से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी भुवनचंद्र खंडूरी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा "उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल ( रिटा.) भुवन चंद्र खंडूरी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। सैन्य सेवाओं से लेकर सार्वजनिक जीवन तक उनका संपूर्ण व्यक्तित्व राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पित रहा। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों को यह अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।"
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने मंगलवार को जारी शोक संदेश में कहा कि दिवंगत खंडूरी का सार्वजनिक जीवन सादगी, स्पष्टवादिता, शुचिता और कार्यकुशलता का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि खंडूरी केवल एक कुशल प्रशासक ही नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पित नेता थे, जिनका जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए खंडूरी ने उत्तराखंड के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण और कठोर निर्णय लिए, जिससे राज्य को नई दिशा मिली।
भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति और पारदर्शी कार्यशैली आज भी अनुकरणीय मानी जाती है। वहीं, आगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे खंडूरी के प्रति जनता, शुभचिंतकों और राजनीतिक सहयोगियों का गहरा स्नेह लगातार देखने को मिला। उन्होंने बाबा केदारनाथ और बदरीविशाल से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों एवं समर्थकों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।