Edited By Vandana Khosla, Updated: 07 May, 2026 03:34 PM

भोपाल: एमपी में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव अब अपने मंत्रियों के काम की समीक्षा करने जा रहे हैं। सीएम सभी मंत्रियों के विभागों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इसी के साथ ही उन जिलों में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी देखेंगे, जिनकी जिम्मेदारी...
भोपाल: एमपी में मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव अब अपने मंत्रियों के काम की समीक्षा करने जा रहे हैं। सीएम सभी मंत्रियों के विभागों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इसी के साथ ही उन जिलों में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों को भी देखेंगे, जिनकी जिम्मेदारी मंत्रियों को दी गई है। मंत्रियों के काम की यह समीक्षा 8 मई से शुरू होने की संभावना है और यह चार दिन तक चलेगी। वहीं, इस समीक्षा को संभावित मंत्रिमंडल विस्तार से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव सभी मंत्रियों से उनके विभागों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा करेंगे। इसी के साथ ही मंत्रियों से संबंधित अधिकारियों की जानकारी जुटाई जाएगी। इस दौरान सीएम यादव मंत्रियों से पूछेंगे कि उन्हें किसी अधिकारी के साथ काम करने में परेशानी तो नहीं आ रही है। मंत्रियों की सलाह के बाद विभागों में अधिकारियों के तबादले किए जाएंगे। इसके अलावा मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों से जुड़े कई बिंदुओं पर भी चर्चा होगी।
जिसमें देखा जाएगा कि मंत्री मंत्रालय में कितने दिन मौजूद रहे, विभागीय कार्यों में उनकी भागीदारी कितनी रही, और वे अपने प्रभार वाले जिलों में कितनी बार गए। यह भी समीक्षा होगी कि मंत्री जिलों में कितनी बार रात में रुके। साथ ही बीजेपी की घोषणाओं से जुड़े विभागीय कामों की प्रगति पर भी चर्चा होगी, ताकि उन्हें तय समय में पूरा किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा है कि, ''12 मई के पहले मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों की जिला विकास समितियों की बैठक कर लें, ताकि जिलों में काम की गति बढ़ाई जा सके, साथ ही विकासात्मक कार्यों में और तेजी लाई जा सके, इससे जिलों में आने वाली समस्याओं का भी निराकरण हो सकेगा।''