मैहर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 की मौत, TI समेत 25 घायल

Edited By meena, Updated: 19 May, 2026 01:53 PM

truck collides with tractor trolley carrying devotees heading to maihar 3 dead

मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा कई परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया...

मैहर (प्रशांत शुक्ला) : मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा कई परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। मां शारदा देवी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से इतनी बेरहमी से टक्कर मारी कि पूरा वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी सहित 25 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

PunjabKesari

भक्ति यात्रा के बीच काल बनकर आया ट्रक

जानकारी के मुताबिक कटनी जिले के रीठी क्षेत्र का लोधी परिवार रिश्तेदारों और ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मां शारदा देवी मंदिर दर्शन के लिए मैहर जा रहा था। ट्रॉली में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे। रात करीब डेढ़ बजे जैसे ही वाहन अमदरा थाना क्षेत्र के सुरमा मोड़ के पास पहुंचा, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहली टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बुरी तरह डगमगा गई, लेकिन ट्रक चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे और तेज कर दिया। बताया जा रहा है कि ट्रक ने ट्रॉली को लगातार तीन बार टक्कर मारी, जिससे ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और उसमें सवार लोग दूर तक जा गिरे

चीख-पुकार से गूंज उठा हाईवे

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर घायल श्रद्धालु दर्द से कराहते रहे। कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए थे। आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया घटना में एक पुरुष श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रजनी लोधी ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। इसी बीच राहत कार्य में जुटे एक स्थानीय युवक को भी दूसरे वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घायलों को बचाते समय खुद घायल हुए थाना प्रभारी

हादसे की सूचना मिलते ही अमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वे घायलों को बाहर निकालने और यातायात नियंत्रित करने में लगे हुए थे। इसी दौरान एक अन्य अनियंत्रित ट्रक वहां पहुंचा और थाना प्रभारी को टक्कर मार दी बताया जा रहा है कि हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है। ड्यूटी के दौरान थाना प्रभारी के घायल होने की खबर से पुलिस विभाग में चिंता का माहौल है।

PunjabKesari

अस्पतालों में मचा हड़कंप

हादसे के बाद NHAI और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। डॉक्टरों ने 12 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया है घायलों के परिजन अस्पतालों में बदहवास हालत में पहुंचे। कई परिवारों के सदस्य एक-दूसरे की तलाश करते नजर आए।

फरार ट्रक चालक की तलाश जारी

अमदरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार बताया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर ट्रक की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सुरमा मोड़ पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं।

घटना की जानकारी देते हुए मैहर सीएसपी महेंद्र सिंह ने बताया कि घटना दिन रात की है जहां पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली का सड़क हादसा हुआ है। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं इलाज के दौरान अन्य दो लोगों की मौत होने की खबर सामने आ रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!