Edited By meena, Updated: 25 May, 2026 07:29 PM

छत्तीसगढ़ में आजकल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में बयानबाजी का दौर चला है। टीएस सिंहदेव के एक बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में लगातार गरमाहट है। सिंहदेव का प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी उन्हें देने वाले बयान पर दीपक बैज...
कोरबा : छत्तीसगढ़ में आजकल कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में बयानबाजी का दौर चला है। टीएस सिंहदेव के एक बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में लगातार गरमाहट है। सिंहदेव का प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी उन्हें देने वाले बयान पर दीपक बैज से लेकर भुपेश बघेल इस घमासान में कूद चुके हैं। लेकिन इसी बीच अब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही बयानबाजी पर कोरबा में आयोजित एक कार्यक्रम में अलग ही नजारा देखने को मिला है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के छुए पैर
यहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के पैर छुए, जो काफी चर्चा का विषय बन गया। ये दिलचस्प तस्वीर काफी सुर्खियां बटोर रही है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बातचीत और हंसी-मजाक भी देखने को मिला। कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
टीएस सिंहदेव ने क्या कहा था?
दरअसल हाल ही में टीएस सिंहदेव ने कहा था कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें जिम्मेदारी देता है तो वे प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालने के लिए तैयार हैं। वो सबको साथ लेकर चलेंगें और संगठन को मजबूत करेंगें। इसके बाद कांग्रेस नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर शुरू हो गया था और पूर्व सीएम तक इस बयानबाजी में उतर आए थे।
टीएस सिंहदेव ने कहा था कि हर कांग्रेसी की जिम्मेदारी संगठन को मजबूत करना है। पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे इसे निभाने के लिए तैयार हैं। इसके जवाब में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा था कि टीएस सिंहदेव वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें दिल्ली में जाकर काम करना चाहिए।
सिंहदेव के पैर छूने वाला वीडियो बना सुर्खियां
वहीं कोरबा में हुए राज्य स्तरीय महासम्मेलन में दीपक बैज ने टीएस सिंहदेव के पैर छूए तो राजनीतिक हलचल मच गई। लेकिन राजनीतिक जानकार इसे सियासी संतुलन से जोड़कर देख रहे हैं। दोनों नेता इस कार्यक्रम में हल्के माहौल में बातचीत करते भी देखे गए।