Edited By meena, Updated: 30 Jun, 2026 01:41 PM

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में दो दिन पहले फांसी लगाकर जान देने वाली नवविवाहिता मनीषा पटेल की मौत का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। मृतका के पति शिवम पटेल ने कई गंभीर...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में दो दिन पहले फांसी लगाकर जान देने वाली नवविवाहिता मनीषा पटेल की मौत का मामला अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। मृतका के पति शिवम पटेल ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि मनीषा का एक युवक से प्रेम संबंध था और वह कथित रूप से अपने पति तथा बड़ी बहन को रास्ते से हटाने की योजना बना रही थी।
राजनगर थाना क्षेत्र के पाय (फकीरापुरवा) निवासी पति शिवम पटेल का कहना है कि मनीषा की मोबाइल चैट और अन्य जानकारियों से उसे पता चला कि वह अजय पटेल नामक युवक से लगातार संपर्क में थी। शिवम के अनुसार अजय उसकी बड़ी बहन का पति है। पति का आरोप है कि दोनों के बीच हुई बातचीत में पहले अजय की पत्नी और बाद में शिवम को नुकसान पहुंचाने की चर्चा की गई थी।
शिवम ने दावा किया कि कथित योजना को अंजाम देने के लिए वाहन तक की व्यवस्था की गई थी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर घटना को अंजाम देने की तैयारी थी। हालांकि, घटना से पहले उसे इसकी जानकारी मिल गई और उसने परिवार के लोगों को पूरे मामले से अवगत कराया।
पिता को भी दी थी जानकारी
पति के अनुसार उसने मनीषा के पिता को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। इसके बाद परिवार ने मनीषा को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने बात नहीं की। शिवम का कहना है कि जब मनीषा को यह पता चला कि उसके पिता उसे लेने आने वाले हैं, तो उसने सुबह करीब 5 बजे घर के किचन में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

आत्महत्या की आशंका पहले से थी: पति
शिवम का आरोप है कि मनीषा पहले से आत्महत्या करने का अवसर तलाश रही थी। उसका कहना है कि घर में उसे कुछ एक्सपायरी दवाइयां मिली थीं, जिन्हें उसने हटा दिया था। पति का दावा है कि मनीषा ने अपनी छोटी बहन से भी फोन पर मरने की बात कही थी, जिसके बाद परिवार के लोग उस पर नजर रख रहे थे।
फोन रिकॉर्डिंग होने का दावा
पति का कहना है कि घटना के बाद उसने तुरंत मनीषा के पिता को फोन कर जानकारी दी। शिवम के अनुसार बातचीत की रिकॉर्डिंग उसके पास मौजूद है। उसने दावा किया कि फोन पर मनीषा के पिता ने कहा था कि "उसे मरना ही था"। हालांकि इस कथित बातचीत की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
मायके पक्ष ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप
वहीं, मनीषा के मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज प्रताड़ना के कारण उसकी हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। परिवार ने ससुराल पक्ष पर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच का इंतजार
मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मोबाइल चैट, कॉल डिटेल, कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।