Edited By meena, Updated: 10 Feb, 2026 08:16 PM

मध्य प्रदेश के डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्ति पीठ में आयोजित कलश वितरण कार्यक्रम मची भगदड़ में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं...
ग्वालियर (अंकुर जैन) : मध्य प्रदेश के डबरा में नवनिर्मित नवग्रह शक्ति पीठ में आयोजित कलश वितरण कार्यक्रम मची भगदड़ में एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक महिला के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा गंभीर रूप से घायल तीनों व्यक्तियों को एक–एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही सभी घायलों के नि:शुल्क उपचार के निर्देश दिए गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर रुचिका चौहान ग्वालियर स्थित एप्पल अस्पताल और जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। इस हादसे में दो महिलाएं और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका ग्वालियर में उपचार जारी है। वहीं चार अन्य महिलाओं को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
कलेक्टर ने डबरा पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

घटना के बाद क्षेत्रीय विधायक सुरेश राजे ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायलों का हालचाल जाना। विधायक राजे ग्वालियर स्थित एप्पल हॉस्पिटल एवं ट्रॉमा सेंटर तथा जेएएच अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
विधायक ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य अधिकारियों से चर्चा कर सभी घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी घायल के इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर हर संभव चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

वहीं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी घटना पर चिंता जताई और घायलों के समुचित एवं नि:शुल्क उपचार के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। प्रशासन ने कहा है कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।