“5 सितंबर तक काम पूरा करो, नहीं तो सस्पेंड करवा दूंगा” : सीएम राइज स्कूल में टपकती छत देख भड़के विधायक, फोन पर PIU SDO की लगाई क्लास

Edited By Vandana Khosla, Updated: 04 Sep, 2026 04:51 PM

complete the work by september 5 or else i ll get you suspended

सीधी (सूरज शुक्ला ): मझौली स्थित सीएम राइज स्कूल में निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और बारिश के दौरान भवन की छत से पानी टपकने की स्थिति देखकर धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम का गुस्सा फूट पड़ा। सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और धौहनी विधायक कुंवर सिंह...

सीधी (सूरज शुक्ला ): मझौली स्थित सीएम राइज स्कूल में निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और बारिश के दौरान भवन की छत से पानी टपकने की स्थिति देखकर धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम का गुस्सा फूट पड़ा। सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल भवन में कई जगह पानी टपकता मिला, जिसके बाद विधायक ने जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने देखा कि स्कूल के तीन सेट वाले भवन में बच्चे बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि तीन सेट की छत से बारिश का पानी टपक रहा था। बच्चों को इस तरह की परेशानी में पढ़ते देखकर विधायक ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद ठेकेदार शंकर सिंह परिहार से निर्माण कार्य की जानकारी ली और अब तक काम पूरा नहीं होने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।

फोन पर PIU SDO को लगाई फटकार

विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने मौके से ही PIU विभाग के SDO एपी सिंह को फोन लगाया और निर्माण कार्य की स्थिति को लेकर नाराजगी जाहिर की। विधायक ने अधिकारी से स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्कूल का काम हर हाल में 5 सितंबर तक पूरा होना चाहिए।

विधायक ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि “अगर 5 तारीख तक काम पूरा नहीं हुआ तो सस्पेंड करवा दूंगा।” उन्होंने अधिकारी से कहा कि निर्धारित समय सीमा में काम पूरा नहीं होने पर इसकी पूरी जवाबदेही तय की जाएगी और संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

“दूर-दूर से पढ़ने आते हैं बच्चे”

विधायक ने कहा कि सीएम राइज स्कूल में बच्चे दूर-दराज के क्षेत्रों से पढ़ने के लिए आते हैं। ऐसे में स्कूल भवन की छत से पानी टपकना बेहद गंभीर मामला है। बच्चों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्राचार्य सहित स्कूल के अन्य कर्मचारियों ने फोन के माध्यम से स्कूल की समस्याओं की जानकारी दी थी, जिसके बाद सांसद और विधायक मौके की वास्तविक स्थिति देखने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान हालात देखकर उन्हें काफी नाराजगी हुई।

विधायक ने ठेकेदार और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अधूरे निर्माण कार्य को तत्काल पूरा किया जाए और बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि 5 सितंबर तक काम पूरा नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।

औचक निरीक्षण के दौरान विधायक द्वारा ठेकेदार और PIU अधिकारी को फटकार लगाए जाने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!