Edited By meena, Updated: 13 May, 2026 08:41 PM

छतरपुर जिले के बड़ामलहरा तहसील परिसर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एसडीएम कोर्ट में पदस्थ एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के बड़ामलहरा तहसील परिसर में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एसडीएम कोर्ट में पदस्थ एक कर्मचारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में कर्मचारी व स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
मृतक की पहचान वार्ड क्रमांक 8 निवासी महेंद्र कुमार सेन के रूप में हुई है। वे एसडीएम कोर्ट में चपरासी पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि उनका शव तहसील परिसर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे तहसील परिसर में शोक और चर्चा का माहौल बना रहा।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मृतक के परिजनों, सहकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आ सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, घटना के बाद तहसील परिसर में कर्मचारियों के बीच भी चिंता और तनाव का माहौल देखा गया।