Edited By Himansh sharma, Updated: 31 May, 2026 11:35 AM

शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि लगभग 12:30 बजे भोपाल शहर में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, बारिश एवं गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ गया।
भोपाल। शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि लगभग 12:30 बजे भोपाल शहर में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, बारिश एवं गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ गया। खराब मौसम के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत वितरण तंत्र प्रभावित हुआ तथा अनेक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिजली कंपनी के सभी मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल सक्रिय हो गए। महाप्रबंधक (GM) पीएस चौहान एवं उपमहाप्रबंधकों (DGM) सहित संपूर्ण तकनीकी अमला रात में ही फील्ड में पहुंचकर विद्युत आपूर्ति बहाली कार्य में जुट गया। तेज आंधी के कारण लगभग 1:30 बजे तक शहर क्षेत्र के करीब 300 संख्या में 11 केवी फीडर प्रभावित हो गए थे। विद्युत व्यवधान का प्रमुख कारण तेज हवाओं के चलते बड़ी संख्या में पेड़ों का उखड़कर विद्युत लाइनों पर गिरना तथा पेड़ों की शाखाओं का टूटकर लाइनों से टकराना रहा। कई स्थानों पर वृक्ष एवं शाखाएं विद्युत लाइनों पर गिरने से फॉल्ट उत्पन्न हुए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करते हुए मात्र एक घंटे के भीतर, अर्थात रात्रि 2:30 बजे तक 205 फीडरों (लगभग 75 प्रतिशत) की विद्युत आपूर्ति पुनः चालू कर दी गई। शेष प्रभावित फीडरों पर भी लगातार कार्य जारी रखा गया और प्रातः 4:30 बजे तक सभी प्रभावित 11 केवी फीडरों की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे शहर में विद्युत व्यवस्था सामान्य हो गई।उल्लेखनीय है कि चार इमली, 74 बंगला, शाहपुरा एवं अरेरा कॉलोनी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में इस दौरान कोई बड़ी विद्युत बाधा नहीं आई और वहां विद्युत आपूर्ति लगभग सामान्य बनी रही।
बिजली कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि विषम मौसम परिस्थितियों के बावजूद मैदानी अमले की तत्परता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं बेहतर समन्वय के कारण विद्युत आपूर्ति को शीघ्रता से सामान्य किया जा सका। अधिकारियों ने नागरिकों से भी अपील की है कि आंधी-तूफान के दौरान टूटे हुए विद्युत तारों एवं विद्युत संरचनाओं से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी विद्युत संबंधी समस्या की सूचना तत्काल नियंत्रण कक्ष को दें।