Edited By Himansh sharma, Updated: 28 May, 2026 01:20 PM

प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सभी नेताओं को शुभकामनाएं दीं।
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को बड़ा फेरबदल करते हुए चार राज्यों में नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति का ऐलान किया। पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा में नई जिम्मेदारियां सौंपकर साफ संकेत दिया है कि भाजपा अब संगठन को नए चेहरों और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी में है।
दिल्ली भाजपा की कमान अब केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है। वहीं हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता, पंजाब में केवल सिंह ढिल्लों और त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इन नियुक्तियों को भाजपा के संगठनात्मक विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के जरिए सभी नेताओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में सभी नवनियुक्त अध्यक्ष संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत करेंगे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा ने यह बदलाव केवल संगठनात्मक औपचारिकता के तौर पर नहीं, बल्कि भविष्य की बड़ी रणनीति के हिस्से के रूप में किया है। नए चेहरों को जिम्मेदारी देकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नया संदेश देने और राज्यों में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।