Edited By Himansh sharma, Updated: 17 May, 2026 04:05 PM

मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर में नाबालिग किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
छतरपुर (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर में नाबालिग किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना कोतवाली पुलिस ने घटना का के आरोपियों को 12 घंटे के अंदर पकड़ कर उसका खुलासा किया है। जहां आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और स्विफ्ट कार भी बरामद की है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बस स्टैंड क्षेत्र से बीते रोज अज्ञात आरोपी नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और बाद में कार से छोड़कर फरार हो गए थे। पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹25 हजार के इनाम की घोषणा की थी।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की मॉनिटरिंग की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने इस मामले में अरविंद कुशवाहा, रवि कुशवाहा और रविंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ और एकत्र साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और स्विफ्ट कार जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है और मामले की विवेचना जारी है। कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले, नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी, थाना प्रभारी सतीश सिंह सहित कोतवाली, सिविल लाइन थाना और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।