Edited By Himansh sharma, Updated: 18 Feb, 2026 10:57 AM

मध्यप्रदेश के लाखों पेंशनधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है।
MP Pension Update 2026: मध्यप्रदेश के लाखों पेंशनधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अंत्येष्टि सहायता योजना की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह फैसला सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने की।
बैठक में समिति सदस्यों ने सुझाव दिया कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए पेंशन राशि में इजाफा किया जाना जरूरी है, ताकि बुजुर्गों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंदों को आर्थिक सहारा मिल सके। इसके साथ ही अंत्येष्टि सहायता योजना की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया है, जिससे जरूरत के समय परिवारों को राहत मिल सके।
बैठक में दिव्यांगजनों के चिन्हांकन के लिए तहसील स्तर पर शिविर लगाने का निर्णय भी लिया गया है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। समिति के सदस्य विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, प्रीतम लोधी और भैरो सिंह बापू भी बैठक में मौजूद रहे।
सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव सोनाली वायंगणकर ने जानकारी दी कि प्रदेश में 53 लाख से अधिक पेंशन हितग्राहियों को हर महीने करीब 325 करोड़ रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है। प्रस्ताव के लागू होने के बाद इन हितग्राहियों को और अधिक राशि मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत सामूहिक विवाह आयोजनों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। नए नियमों के अनुसार एक सम्मेलन में 11 से 200 जोड़े शामिल किए जा सकेंगे। चालू वित्त वर्ष में अब तक 54 हजार से ज्यादा जोड़ों का विवाह/निकाह कराया जा चुका है।
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब सभी की नजरें राज्य शासन की अंतिम मंजूरी और नई बढ़ी हुई राशि के ऐलान पर टिकी हैं।