Edited By meena, Updated: 13 Jan, 2026 01:38 PM

वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर कांग्रेस के भीतर सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि कांग्रेस की सरकार बनती है और मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति या...
भोपाल (इजहार खान) : वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बयान पर कांग्रेस के भीतर सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि कांग्रेस की सरकार बनती है और मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति या अनुसूचित जनजाति वर्ग से बनता है तो उन्हें अत्यंत खुशी होगी। इस बयान पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने दिग्विजय सिंह का आभार व्यक्त किया है।
प्रदीप अहिरवार ने कहा कि दिग्विजय सिंह का मुख्यमंत्री रहते हुए कार्यकाल सामाजिक न्याय और दलित उत्थान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भोपाल डिक्लेरेशन को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में एक पत्रकार के सवाल के जवाब में दिया गया दिग्विजय सिंह का यह वक्तव्य संवेदनशील, लोकतांत्रिक और समतामूलक सोच को दर्शाता है। यह बयान सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट करता है।
उन्होंने आगे कहा कि मध्यप्रदेश की लगभग 17 प्रतिशत अनुसूचित जाति आबादी की भावना और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए यह आवश्यक है कि इस बार राज्यसभा में अनुसूचित जाति वर्ग से प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए। ऐसा करना न केवल सामाजिक संतुलन और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप होगा, बल्कि दलित समाज के आत्मसम्मान और राजनीतिक सहभागिता को भी मजबूती देगा।
प्रदीप अहिरवार ने दिग्विजय सिंह से आग्रह किया कि वे अपने अनुभव, मार्गदर्शन और प्रभावशाली भूमिका के माध्यम से इस विषय को राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष मजबूती से रखें। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण दलित समाज को दिग्विजय सिंह की सकारात्मक पहल का इंतजार है और उन्हें भरोसा है कि सामाजिक न्याय की इस आवाज़ को आगे बढ़ाने में वे अहम भूमिका निभाएंगे।