Edited By Himansh sharma, Updated: 04 Feb, 2026 12:18 PM

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है।
नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ग्राम पंचायत के सरपंच ने समस्याओं से त्रस्त होकर पंचायत भवन में खुद को बंद कर लिया और समाधान नहीं होने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दे दी। सरपंच का यह कदम सामने आते ही जिले में हड़कंप मच गया है।
दो साल से विकास कार्य ठप, शिकायतों की अनदेखी का आरोप
पूरा मामला नरसिंहपुर जिले की चीचली जनपद पंचायत अंतर्गत सीरेगांव ग्राम पंचायत का है। ग्राम पंचायत के सरपंच महेंद्र कुशवाहा का आरोप है कि बीते दो वर्षों से पंचायत में विकास कार्यों को लेकर लगातार समस्याएं आ रही हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायतें दीं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पंचायत भवन में कैद होकर दी आत्मदाह की चेतावनी
मंगलवार रात सरपंच महेंद्र कुशवाहा ने पंचायत भवन में खुद को बंद कर लिया। साथ ही उन्होंने एक वीडियो जारी कर चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे पंचायत भवन में ही आत्मदाह कर लेंगे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सरपंच का दर्द: सिर्फ आश्वासन और प्रताड़ना मिली
वीडियो में सरपंच कहते नजर आ रहे हैं, मेरी पंचायत में पिछले दो साल से काम नहीं हो पा रहा है। मैंने कई बार लिखित आवेदन दिए, जनसुनवाई में भी शिकायत की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। अगर अब भी मेरी बात नहीं सुनी गई तो मैं आत्महत्या कर लूंगा, इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल
सरपंच द्वारा उठाए गए इस बेहद कठोर कदम ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब प्रशासन की भूमिका पर सबकी नजरें टिकी हैं।
इलाके में तनाव, हालात पर नजर
सरपंच के आत्मदाह की चेतावनी के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। प्रशासनिक अमला सतर्क है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।