Edited By meena, Updated: 16 Sep, 2026 08:06 PM

सोशल मीडिया पर की गई एक फेसबुक पोस्ट को लेकर मंडीदीप में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गईं। कांग्रेस के पूर्व पार्षद वीरेंद्र मीना...
रायसेन/मंडीदीप (शिवलाल यादव) : सोशल मीडिया पर की गई एक फेसबुक पोस्ट को लेकर मंडीदीप में भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गईं। कांग्रेस के पूर्व पार्षद वीरेंद्र मीना की फेसबुक पोस्ट को लेकर भाजपा नेताओं ने मंडीदीप थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने वीरेंद्र मीणा के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे भाजपा नेता और कार्यकर्ता पूर्व पार्षद की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंडीदीप थाने पहुंचे।
इसी दौरान कांग्रेस नेता और ब्लॉक कांग्रेस मंडीदीप अध्यक्ष दीपेश मीना अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई के विरोध में थाने के सामने धरने पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं ने भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा और उनके समर्थकों पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग शुरू कर दी।
थाने के बाहर दोनों पक्षों ने लगाए नारे, किया हंगामा
देखते ही देखते मंडीदीप थाने के बाहर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। एक तरफ भाजपा कार्यकर्ता पूर्व पार्षद वीरेंद्र मीना के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।
दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी होने से थाने के बाहर सियासी माहौल गरमा गया। विवाद को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।

एक पोस्ट से शुरू हुआ विवाद राजनीतिक टकराव में बदला
दरअसल, सोशल मीडिया पर पूर्व पार्षद वीरेंद्र मीना की ओर से की गई एक पोस्ट को लेकर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई थी। भाजपा की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद भाजपा नेताओं ने थाने पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
भाजपा नेताओं के थाने पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। कांग्रेस ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताते हुए जवाबी कार्रवाई की मांग रखी। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि विधायक सुरेंद्र पटवा और उनके समर्थकों की ओर से राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया है। इसी आधार पर कांग्रेस ने पुलिस से उनके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस की नजर
थाने के बाहर बढ़ते तनाव को देखते हुए दोनों थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद मंडीदीप में भाजपा और कांग्रेस के बीच आमने-सामने के राजनीतिक प्रदर्शन में बदल गया है। मामले में पुलिस की जांच और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों के तथ्यों के सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।