Edited By Desh Raj, Updated: 07 Feb, 2026 08:45 PM

दतिया में इंदरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम सिकरी में शनिवार सुबह महिला सरपंच के बेटे ने कट्टे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। जानकारी के अनुसार ग्राम सिकरी की महिला सरपंच सुशीला राधे जाटव के बड़े बेटे
दतिया (नवल यादव): दतिया में इंदरगढ़ थाना अंतर्गत ग्राम सिकरी में शनिवार सुबह महिला सरपंच के बेटे ने कट्टे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। जानकारी के अनुसार ग्राम सिकरी की महिला सरपंच सुशीला राधे जाटव के बड़े बेटे विशाल जाटव ने अपने ही घर में कट्टे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां विशाल खून से लथपथ हालत में कमरे में पड़ा मिला।
मृतक के छोटे भाई शिवम जाटव ने बताया कि, सुबह करीब 9 बजे वह और उसकी मां घर के ऊपर कमरे में थे। इसी दौरान नीचे से गोली चलने की आवाज आई। दोनों तुरंत नीचे पहुंचे तो विशाल कमरे में घायल अवस्था में पड़ा था। उसके सीने में गोली लगी थी। परिजन तत्काल उसे ग्वालियर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि, विशाल जाटव ग्वालियर में रहकर GNM (नर्सिंग) की पढ़ाई कर रहा था और अंतिम वर्ष का छात्र था। वह एक दिन पहले ही ग्वालियर से अपने गांव सिकरी आया था। परिजनों के अनुसार आत्महत्या के पीछे फिलहाल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
घटना की सूचना मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।