Edited By Himansh sharma, Updated: 08 Feb, 2026 02:49 PM

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सिंगरौली में विकास की कीमत सबसे ज्यादा आदिवासी समाज चुका रहा है।
सिंगरौली: दिल्ली में शनिवार को सिंगरौली जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्रों से पहुंचे एक प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर जिले की गंभीर जमीनी समस्याओं को उनके सामने रखा। इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। लोकसभा स्थित राहुल गांधी के चेंबर में हुई इस मुलाकात में प्रतिनिधिमंडल ने विस्थापन, रोजगार, मुआवजा, पुनर्वास, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी ज्वलंत समस्याओं को विस्तार से रखा। आदिवासियों ने बताया कि औद्योगिक परियोजनाओं और खनन गतिविधियों के चलते वर्षों से उनका जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान अब तक नहीं हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सिंगरौली में विकास की कीमत सबसे ज्यादा आदिवासी समाज चुका रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है, वहीं रोजगार के अवसर सीमित होते जा रहे हैं।
आदिवासियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए राहुल गांधी ने सिंगरौली आने का आश्वासन दिया और कहा कि वे स्वयं मौके पर जाकर हालात का जायजा लेंगे। वहीं प्रियंका गांधी ने हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। मुलाकात के अंत में प्रतिनिधिमंडल ने राहुल गांधी को सिंगरौली आने का औपचारिक निमंत्रण सौंपा, जिसे उन्होंने स्वीकार करने का संकेत दिया।
साफ संदेश:
अब सिंगरौली की आवाज दिल्ली तक पहुंच चुकी है, सवाल यह है कि ज़मीन पर बदलाव कब होगा?