कैबिनेट मंत्री की सादगी! गिट्टी के ढेर पर ग्रामीणों के बीच बैठे, आदिवासी परिवार के घर में अचार के साथ खाई रोटी

Edited By meena, Updated: 31 Aug, 2026 09:01 PM

tulsi silavat s simplicity photos from chhatarpur go viral

केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत पुनर्वास स्थल करौंदिया पहुंचे प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। निर्माणाधीन मकानों...

छतरपुर (राजेश चौरसिया) : केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत पुनर्वास स्थल करौंदिया पहुंचे प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रविवार को ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण करने के बाद मंत्री ने गिट्टी के ढेर पर ग्रामीणों के साथ बैठकर मुआवजा और पुनर्वास राशि की जानकारी ली। इसी दौरान वे एक आदिवासी परिवार के घर पहुंचे और परिवार के साथ बैठकर आम के अचार के साथ रोटी भी खाई। मंत्री के इस सहज अंदाज ने ग्रामीणों से संवाद को और आत्मीय बना दिया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक राजेश शुक्ला, कलेक्टर मृणाल मीना, एसपी रजत सकलेचा, जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

PunjabKesari

'अटल जी का सपना, मोदी का संकल्प और CM के प्रयास से बदलेगा बुंदेलखंड'

मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड की तस्वीर और तकदीर बदलने वाली देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रयास से बुंदेलखंड में चहुंमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उन्हें ग्रामीणों की समस्याएं जानने और पुनर्वास कार्यों की वास्तविक स्थिति देखने के लिए भेजा है, ताकि विस्थापित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो और पुनर्वास का काम जन अपेक्षाओं के अनुरूप पूरा किया जा सके।

आदिवासी परिवार के घर पहुंचे, पूछा- खाने में क्या बना है?

करौंदिया भ्रमण के दौरान मंत्री एक आदिवासी परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार की महिला उमा आदिवासी से पूछा कि आज खाने में क्या बनाया है। महिला ने रोटी बनाए जाने की बात बताई। इसके बाद मंत्री परिवार के साथ बैठ गए और आम के अचार के साथ रोटी खाई। भोजन के दौरान उन्होंने परिवार और आसपास मौजूद ग्रामीणों से मुआवजा, पुनर्वास राशि और अन्य समस्याओं को लेकर बातचीत की।

PunjabKesari

'एक भी पात्र हितग्राही पुनर्वास पैकेज से नहीं छूटना चाहिए'

मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनर्वास पैकेज के लिए पात्र कोई भी व्यक्ति राशि से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए और करौंदिया में पुनर्वासित परिवारों को सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं।

बिजली के खंभे लगे, अतिरिक्त नलकूप से सुधरेगी पेयजल व्यवस्था

मंत्री ने बताया कि पुनर्वास स्थल पर बिजली के खंभे लगाने का काम शुरू हो गया है। पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने के लिए एक अतिरिक्त नलकूप कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से बिजली, पानी और सड़क सहित सभी स्थायी मूलभूत सुविधाओं का काम जल्द पूरा कराने को कहा।

PunjabKesari

महिलाओं, युवाओं और बच्चों से भी की बातचीत

मंत्री ने पुनर्वास स्थल पर महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों से भी संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से स्वास्थ्य सुविधाओं और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूरी सरकार पुनर्वासित परिवारों के साथ है। विस्थापित परिवारों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

10 जिलों में सिंचाई, 62 लाख लोगों को पेयजल का दावा

मंत्री ने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना से मध्यप्रदेश के 10 और उत्तरप्रदेश के 4 जिले लाभान्वित होंगे। परियोजना से किसानों को 10.62 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में प्रतिवर्ष सिंचाई सुविधा मिलने का लक्ष्य है। वहीं करीब 62 लाख लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने के साथ 103 मेगावाट जल विद्युत और 27 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का प्रावधान है। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और उन्हें बेहतर शिक्षा से जोड़ने की अपील की, ताकि परियोजना से होने वाले विकास का लाभ आने वाली पीढ़ी को भी मिल सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!