Edited By meena, Updated: 07 Jun, 2026 06:33 PM

छतरपुर जिले के बड़ामलहरा विधानसभा क्षेत्र के नगर घुवारा में मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का...
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : छतरपुर जिले के बड़ामलहरा विधानसभा क्षेत्र के नगर घुवारा में मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन दोपहिया और चारपहिया वाहन इन गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश भी बढ़ता जा रहा था। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कई बार संबंधित विभाग को शिकायतें दी गईं, लेकिन महीनों तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों में नाराजगी लगातार बनी हुई थी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने संभाली कमान, श्रमदान से किया मरम्मत कार्य
प्रशासनिक उदासीनता के बीच अंततः भाजपा मंडल अध्यक्ष लखन फौजदार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय समाजसेवी खुद आगे आए। सभी ने मिलकर श्रमदान किया और गिट्टी व सीमेंट की सहायता से सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य शुरू किया। कई घंटे चले इस प्रयास के बाद सड़क पर आवागमन पहले की तुलना में काफी सुगम हो गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान जनसहयोग से संभव हो सका है।

दुर्घटनाओं में कमी की उम्मीद, लोगों ने जताई राहत
सड़क की मरम्मत के बाद अब वाहन चालकों को राहत मिली है और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हुई है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि इस तरह की पहल के बाद संबंधित विभाग भी जागेगा और सड़क की नियमित मरम्मत व रखरखाव पर ध्यान देगा, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की समस्याओं का सामना न करना पड़े।

लखन फौजदार, भाजपा मंडल अध्यक्ष घुवारा ने कहा
“लोगों की परेशानी को देखते हुए हमने स्वयं आगे आकर सड़क के गड्ढों को भरने का निर्णय लिया। हमारा उद्देश्य केवल जनता को राहत देना था।”