Edited By meena, Updated: 17 Apr, 2026 06:25 PM

कुछ ऐसा ही हुआ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हाई सिक्योरिटी जोन श्यामला हिल्स में...यहां एक 57 साल का डॉक्टर 27 साल की आलिया के प्यार में लुट गया। डॉक्टर साहब न केवल भरोसा टूटा बल्कि 17 लाख की लूट के शिकार हो गए...
भोपाल (इजहार खान) : प्यार, इश्क और मोहब्बत ...सुनने में भले ही ये शब्द मामूली से लगते हो लेकिन इनका इस्तेमाल करके एक लेडी डॉन ने शहर के डॉक्टर को अपना शिकार बना लिया। कुछ ऐसा ही हुआ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हाई सिक्योरिटी जोन श्यामला हिल्स में...यहां एक 57 साल का डॉक्टर 27 साल की आलिया के प्यार में लुट गया। डॉक्टर साहब न केवल भरोसा टूटा बल्कि 17 लाख की लूट के शिकार हो गए।
दरअसल, भोपाल में जाने माने डॉक्टर से 17 लाख की लूट में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने 500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, यह चोरी 27 वर्षीय महिला की कारगुजारी है जिसने साजिश के तहत अपने साथियों के साथ मिलकर डॉक्टर को शिकार बनाया। 27 वर्षीय आलिया ने एक डॉक्टर से दोस्ती की उसका भरोसा जीता और एक ऐसी साजिश रची कि प्यार के नाम पर डॉक्टर से 17 लाख रुपए का ब्रेसलेट लूट लिया।
कहानी कुछ इस तरह है...
भोपाल के रहने वाले डॉक्टर मनोज वर्मा रोजाना बोट क्लब की सैर योग के लिए निकलते थे, इसी दौरान उनकी मुलाकात 27 साल की आलिया खान से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर यह जान-पहचान दोस्ती में बदल गई। दो साल की यह दोस्ती कब प्यार में बदल गई पता भी नहीं चला और इधर डॉक्टर साहब आलिया पर खुद से ज्यादा भरोसा करने लगे और उधर डॉक्टर साहब आलिया की साजिश का हिस्सा बन रहे थे। दरअसल, डॉक्टर साहब खूबसूरत आलिया के खौफनाक इरादों को भांप नहीं पाए। आलिया के लिए डॉक्टर साहब केवल मात्र एक शिकार थे। उसकी नजर डॉक्टर के हाथ में पहने हुए 17 लाख रुपए के ब्रेसलेट पर थी। यही वजह थी कि एक प्लानिंग के तहत आलिया ने डॉक्टर से नजदीकियां बढ़ाई। आलिया खान खुद को समाजसेविका बताती थी और एक NGO से जुड़ी हुई थी। बातों बातों में उसने धीरे-धीरे डॉक्टर की जिंदगी से जुड़ी हर अहम जानकारी हासिल कर ली।
इसी कड़ी में आलिया ने अपने परिचित अदनान से संपर्क किया, अदनान पहले से ही आपराधिक स्वभाव का है और उसके खिलाफ 18 मामले दर्ज हैं। आलिया ने उसे पैसे देकर डॉक्टर को निशाना बनाने की योजना बनाई और डॉक्टर साहब की पूरी रूटीन उससे शेयर की। अदनान ने योजना के तहत अपने साथियों अरशान और मुदस्सिर के साथ मिलकर वारदात करने की तैयारी की। घटना से पहले आरोपियों ने कई दिनों तक डॉक्टर की रेकी की। फिर 10 अप्रैल की सुबह मौका देखते ही करीब 10 बजे जब डॉक्टर मनोज वर्मा साइकिलिंग कर घर लौट रहे थे, तभी किलोल पार्क के पास लूट का शिकार बनाया। योजना के तहत अरशान ने कार से डॉक्टर की साइकिल को टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। इससे पहले की डॉक्टर साहब कुछ समझ पाते अदनान ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला और तीसरे आरोपी मुदस्सिर ने उनके हाथ से सोने का कड़ा, घड़ी और कैश छीन लिया। कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर सब आरोपी रफ्फू चक्कर हो गए। लेकिन इधर पॉश एरिया में इस घटना से पुलिस हरकत में आई और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के नेतृत्व में 10 टीमों का गठन किया गया। गंभीरता से सारे इलाके के करीब 500 CCTV कैमरों की फुटेज चेक किए गए। और तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आलिया खान तक पहुंच गई। आलिया ने अपना गुनाह कबूल किया और सारी घटना की कहानी पुलिस के सामने उगल दी।