Edited By Vandana Khosla, Updated: 03 Jun, 2026 02:04 PM

बैतूलः मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-मुलताई राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज बुधवार को एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार नागपुर निवासी अभिषेक शुक्ला अपने रिश्तेदारों के...
बैतूलः मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में बैतूल-मुलताई राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज बुधवार को एक कार के अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार नागपुर निवासी अभिषेक शुक्ला अपने रिश्तेदारों के साथ बैतूल से नागपुर लौट रहे थे। तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
कार में रितेश अवस्थी, सारिका अवस्थी और आद्विक अवस्थी भी सवार थे। नगरकोट क्षेत्र के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण हट जाने पर कार डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गई। दुर्घटना में सारिका अवस्थी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं रितेश अवस्थी, आद्विक अवस्थी और अभिषेक शुक्ला घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए मुलताई के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतका के शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि वाहन की गति, सड़क की स्थिति तथा अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।