सांसद और पूर्व विधायक के बीच शुरू हुआ पोस्टर वॉर, सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज

Edited By Himansh sharma, Updated: 20 Apr, 2026 10:43 AM

mp vs ex mla poster war heats up on social media

मध्य प्रदेश के शाजापुर की सियासत में इन दिनों पोस्टर वॉर ने माहौल गरमा दिया है।

शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर की सियासत में इन दिनों पोस्टर वॉर ने माहौल गरमा दिया है। देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और कालापीपल के पूर्व कांग्रेस विधायक व राष्ट्रीय कांग्रेस सचिव कुणाल चौधरी के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। दोनों नेताओं के बीच छिड़ी यह जुबानी जंग अब जिलेभर में चर्चा का विषय बन गई है।

विवाद की शुरुआत तब हुई जब सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को वांटेड बताते हुए एक पोस्ट साझा की। पोस्ट में राहुल गांधी पर नारी सशक्तिकरण के मुद्दे पर दोहरी राजनीति करने, जनता को भ्रमित करने और राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए। पोस्ट में व्यंग्यात्मक अंदाज में “आखिरी बार तीर चलाते हुए देखा गया” जैसी टिप्पणी भी लिखी गई, जिसने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी।

सांसद की इस पोस्ट के वायरल होते ही कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी ने भी पलटवार करने में देर नहीं लगाई। उन्होंने अपने फेसबुक अकाउंट पर “MISSING” शीर्षक से एक पोस्टर साझा करते हुए सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी को ही गुमशुदा सांसद बता दिया। पोस्टर में लिखा गया कि सांसद अपने ही संसदीय क्षेत्र से गायब हैं और किसानों के सवालों से बचते फिर रहे हैं।

कुणाल चौधरी ने कहा कि जो नेता अपने क्षेत्र की जनता, किसानों और युवाओं के बीच नहीं दिखता, वह राहुल गांधी जैसे राष्ट्रीय नेता पर सवाल उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की समस्याओं पर चुप रहने वाले सांसद केवल सोशल मीडिया पर राजनीति कर रहे हैं। इस पोस्टर वॉर के बाद दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच भी सोशल Media पर तीखी बहस शुरू हो गई है। फेसबुक, व्हाट्सऐप और अन्य प्लेटफॉर्म पर दोनों पोस्टर तेजी से वायरल हो रहे हैं। समर्थक अपने-अपने नेताओं के पक्ष में लगातार पोस्ट और टिप्पणियां कर रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह केवल सोशल मीडिया की लड़ाई नहीं, बल्कि आने वाले समय की बड़ी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा भी हो सकती है। शाजापुर और कालापीपल की राजनीति में इस टकराव से नया मोड़ देखने को मिल सकता है। फिलहाल, पोस्टर वॉर ने जिले की सियासत को पूरी तरह गर्मा दिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!