BJP विधायक की गिरफ्तारी की मांग पर अफसरों का बगावती तेवर, प्रदेशभर में हड़ताल

Edited By Vandana Khosla, Updated: 01 Jun, 2026 03:13 PM

officers revolt against bjp mla s arrest

सरगुजाः छत्तीसगढ़ राज्य के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार के साथ मारपीट का मामला पूरी तरह गरमा गया है। प्रदेश कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने मामले का विरोध करते हुए आज से हड़ताल का ऐलान कर दिया है। सभी तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों ने बीजेपी विधायक...

सरगुजाः छत्तीसगढ़ राज्य के सरगुजा जिले में नायब तहसीलदार के साथ मारपीट का मामला पूरी तरह गरमा गया है। प्रदेश कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने मामले का विरोध करते हुए आज से हड़ताल का ऐलान कर दिया है। सभी तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों ने बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। इसके चलते आज यानी 1 जून से वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। संघ के इस फैसले से राजस्व और न्यायालयीन कार्यों के ठप होने की आशंका गहरा गई है।

दरअसल, बीते शुक्रवार को प्रदेश में 500 से ज्यादा तहसीलदार सहित अन्य राजस्व कर्मी हड़ताल पर थे। ये हड़ताल नायब तहसीलदार से बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो व समर्थकों द्वारा मारपीट के विरोध में की गई थी। वहीं, आज यानी सोमवार को भी पूरे प्रदेश के तहसीलदार व नायब तहसीलदार हड़ताल पर हैं। तहसील कार्यालय खुले हैं, लेकिन कामकाज प्रभावित हो रहा है। संघ का कहना है कि तुषार मानिक अपने न्यायालयीन एवं राजस्व दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे, तभी उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना हुई। 

संघ ने इसे केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि संपूर्ण राजस्व प्रशासन, न्यायालयीन व्यवस्था और प्रशासनिक गरिमा पर सीधा आघात बताया है। घटना के विरोध में संघ ने 29 मई को प्रदेशभर में सामूहिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था तथा दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। मामले में बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा था कि वे स्वयं अपनी गिरफ्तारी देंगे, हालांकि सोमवार को भी गिरफ्तारी देंगे या नहीं, उन्होंने स्पष्ट नहीं किया है। मामले में पीड़ित राजापुर के नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने मांग की है कि मेरा व विधायक रामकुमार टोप्पो का नार्को टेस्ट कराया जाए।

नायब तहसीलदार तुषार मानिक का कहना है कि नार्को टेस्ट से आरोपों की सच्चाई सबके सामने आ सकेगी। जब तक उचित कार्रवाई नहीं होती है, हमारा आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि मैं सभी टेस्ट के लिए तैयार हूं। सभी जांच में सहयोग करूंगा। 

जानकारी के अनुसार, मैनपाट की राजापुर उप तहसील में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन से जुड़े शाखा शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को आवेदन जमा किया था। आरोप है कि नायब तहसीलदार तुषार मानिक और कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा कई दिनों से उन्हें काम के लिए दफ्तर के चक्कर लगवाए जा रहे थे। 

बुधवार (27 मई) को सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार से फाइल पर हस्ताक्षर करने का अनुरोध किया। आरोप है कि इस पर तुषार मानिक नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि "तुम कौन होती हो हस्ताक्षर कराने वाली, जाकर मैनपाट में हस्ताक्षर करा लो।" इसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर पहुंच चुके नायब तहसीलदार को वापस राजापुर बुलाया। वहां विधायक और उनके समर्थकों ने नायब तहसीलदार तुषार मानिक के साथ मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर सीतापुर एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव किया और नायब तहसीलदार को वहां से बाहर निकाला।

इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता समेत 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं विधायक की बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ धारा 79, 296 और 351 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!