Edited By Vikas Tiwari, Updated: 08 Feb, 2026 05:54 PM

सीधी जिले के बहरी बाजार में महिला से हुई दिनदहाड़े मारपीट की घटना अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गई है। इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा...
सीधी (सूरज शुक्ला): सीधी जिले के बहरी बाजार में महिला से हुई दिनदहाड़े मारपीट की घटना अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गई है। इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया।
जीतू ने शेयर किया था वीडियो
जीतू पटवारी ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘भाजपा नेता द्वारा एक महिला की बेरहमी से मारपीट की जा रही है।’ इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई लोगों ने इसे महिला सुरक्षा से जोड़ते हुए भाजपा पर सवाल खड़े किए, जबकि कुछ लोगों ने पोस्ट की तथ्यात्मक स्थिति पर आपत्ति जताई।
भाजपा नेता नहीं, मारपीट करने वाला निकला यू ट्यूबर!
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, महिला से मारपीट के आरोपी संतोष पाठक किसी भी राजनीतिक दल के पदाधिकारी या घोषित भाजपा नेता नहीं हैं। बताया जा रहा है कि संतोष पाठक पिछले करीब छह वर्षों से बहरी क्षेत्र में एक निजी यूट्यूब चैनल के माध्यम से पत्रकारिता का कार्य कर रहे हैं और स्वयं को पत्रकार बताते हैं। इसी आधार पर जीतू पटवारी के पोस्ट को लेकर “गलत पहचान” और “भ्रामक प्रस्तुति” के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
8 फरवरी का बताया जा रहा वीडियो
गौरतलब है कि यह घटना 8 फरवरी 2026 की सुबह बहरी बाजार की है। जानकारी के मुताबिक, गुमटी लगाकर जीवन यापन करने वाली महिला हेमा सिंह और संतोष पाठक के बीच विवाद हुआ था। वायरल वीडियो में पहले गाली-गलौज और चप्पल चलने की स्थिति दिखाई देती है, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर यह मांग भी उठने लगी है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में राजनीतिक बयान या पोस्ट करने से पहले तथ्यों की पुष्टि आवश्यक है, ताकि किसी व्यक्ति या समूह को गलत तरीके से राजनीतिक रंग न दिया जाए। वहीं बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि महिला की शिकायत पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो सहित सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।