Edited By meena, Updated: 20 Apr, 2026 07:52 PM

अमोल पाटकर अपने परिवार के साथ कैफे पहुंचे थे और उन्होंने शुद्ध शाकाहारी भोजन का ऑर्डर दिया। परिवार ने ‘ऑनियन रिंग’ मंगाई थी, लेकिन आरोप है कि कैफे कर्मचारियों ने उनकी टेबल पर ‘चिकन रिंग’ परोस दी...
इंदौर (सचिन बहरानी) : मध्य प्रदेश के इंदौर में एक कैफे में एक ब्राह्मण परिवार को कथित तौर पर शाकाहारी भोजन (veg) की जगह मांसाहारी डिश (Nonveg) परोसने पर बवाल हो गया। मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र स्थित ‘कैफे मामा लोका’ से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां यह घटना सामने आई। ब्राह्मण परिवार ने कैफे के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, अमोल पाटकर अपने परिवार के साथ कैफे पहुंचे थे और उन्होंने शुद्ध शाकाहारी भोजन का ऑर्डर दिया। परिवार ने ‘ऑनियन रिंग’ मंगाई थी, लेकिन आरोप है कि कैफे कर्मचारियों ने उनकी टेबल पर ‘चिकन रिंग’ परोस दी। शुरुआत में परिवार को इसका अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन खाने के बाद जब उन्हें संदेह हुआ तो वे खुद को ठगे से महसूस करने लगे और धर्म भ्रष्ट की बात कहने लगे।
परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने वेटर से इस बारे में शिकायत की, तो वह सर्व की गई प्लेट लेकर वहां से चला गया और स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। पीड़ितों के मुताबिक, कैफे के कर्मचारियों ने सहयोग करने के बजाय उनसे बहस शुरू कर दी और उन्हें ऑर्डर का बिल भी नहीं दिया गया।

घटना से आहत परिवार ने इसे अपनी धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि शाकाहारी होने के बावजूद अनजाने में मांसाहार परोसना न केवल लापरवाही है, बल्कि आस्था से खिलवाड़ भी है।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और कैफे प्रबंधन से पूछताछ की जा सकती है। यह घटना एक बार फिर रेस्टोरेंट्स में फूड सर्विस की पारदर्शिता और ग्राहकों की धार्मिक भावनाओं के सम्मान को लेकर सवाल खड़े करती है।