Edited By Vikas Tiwari, Updated: 13 Feb, 2026 08:06 PM

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग से सात साल तक कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने 13 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। दोनों आरोपियों में बीएन पांडेय और संजय पंडित शामिल हैं। इस मामले में अब सभी 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त...
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग से सात साल तक कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों ने 13 फरवरी को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। दोनों आरोपियों में बीएन पांडेय और संजय पंडित शामिल हैं। इस मामले में अब सभी 6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पांडेय बीजेपी सांसद विजय बघेल का पीए है, हालांकि सांसद ने इस बात से इंकार किया है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, बीएन पांडेय, जो दुर्ग सांसद Vijay Baghel के पूर्व पीए रहे बताए जा रहे हैं, ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसका शोषण किया। हालांकि विजय बघेल ने बयान जारी कर कहा है कि पांडेय उनके निजी सहायक नहीं थे, बल्कि विभागीय अटैचमेंट में कार्यरत थे।
बढ़ते दबाव में किया सरेंडर
गैंगरेप के चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे। लगातार दबिश और बढ़ते कानूनी दबाव के चलते दोनों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अब कोर्ट से रिमांड लेकर सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की तैयारी कर रही है, ताकि मामले के हर पहलू की जांच की जा सके।
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2018 में वह अपनी मां के साथ बिलासपुर से दुर्ग आई थी। मां को पीडब्ल्यूडी विभाग के एक कर्मचारी ने काम दिलवाया और क्वार्टर में ठहराया। आरोप है कि इसी दौरान विभाग के कर्मचारियों ने नाबालिग से दुष्कर्म किया और धमकाया। लॉकडाउन के दौरान मां-बेटी बिलासपुर लौट गईं, लेकिन 2023 में नौकरी के बहाने फिर संपर्क किया गया। आरोप है कि नौकरी का दबाव बनाकर व्हाट्सएप पर न्यूड फोटो और वीडियो मंगवाए गए। वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक शोषण किया गया। पीड़िता का आरोप है कि अलग-अलग रेस्ट हाउस और होटलों में उसे बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। 2024 और 2025 में भी घटनाएं जारी रहीं।
मंगेतर ने दिया हौसला, दर्ज हुई शिकायत
शादी तय होने के बाद आरोपियों ने रिश्ता तुड़वाने की कोशिश की। मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान पीड़िता ने अपने मंगेतर को पूरी बात बताई। मंगेतर के हौसला देने के बाद पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। अब पुलिस सभी छह आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।